रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ के सेट पर क्रू मेंबर्स को फूड प्वॉइजनिंग: रिपोर्ट- 100 से ज्यादा एडमिट; अजीत डोभाल की बायोपिक है फिल्म!
Published:
2 min read

'धुरंधर' के सेट पर पाकिस्तानी झंडा दिखने पर विवाद हो चुका है। इसी झंडे के सामने रणवीर एक्शन सीक्वेंस करते दिखे थे।
रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म ‘धुरंधर’ की शूटिंग के दौरान करीब 100 लोग फूड प्वॉइजनिंग के शिकार हो गए। IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, लेह में शूट करने के दौरान अचानक 100 से ज्यादा क्रू मेंबर्स की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद सभी को हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टर्स ने बताया की उन्हें ‘मास फूड प्वाइजनिंग’ है।
फिल्म से जुड़े सूत्रों का कहना है- रविवार (17 अगस्त) शाम कई क्रू मेंबर्स को अचानक तेज पेट दर्द, उल्टी और सिरदर्द होने लगा। उसके बाद उन्हें सजल नार्बू मेमोरियल (SNM) अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हॉस्पिटल के डॉक्टर्स ने कहा- अचानक इतने पेशेंट के आने से इमरजेंसी वॉर्ड भर चुका था। हालांकि हमने मैनेज कर लिया। पुलिस को क्राउड मैनेज करने के लिए बुलाया गया, ताकि लोग पैनिक न करें।
ऑफिशियल्स ने कहा- सेट पर करीब 600 लोगों ने खाना खाया। फूड प्वॉइजनिंग की वजह जानने के लिए खाने के सैंपल इकट्ठे कर लिए गए हैं। इनकी जांच की जाएगी।


फिल्म ‘धुरंधर’ की रिलीज डेट
‘धुरंधर’ के डायरेक्टर आदित्य धर हैं। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन और अक्षय खन्ना भी नजर आएंगे। फिल्म का फर्स्ट लुक 6 जुलाई को रिलीज हुआ था। यह 5 दिसंबर 2025 को थिएटर में रिलीज होगी। रणवीर के बर्थडे के मौके पर इसके टीजर को आउट किया गया था।
कहा जा रहा है कि धुरंधर नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर (NSA ) अजीत डोभाल की बायोपिक हो सकती है। डोभाल ने खुद एक बार बताया था कि वो पाकिस्तान में अंडरकवर एजेंट के तौर पर कई साल काम कर चुके हैं।

