बिना किसी कट के रिलीज होगी CM योगी की बायोपिक: बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंजूरी दी, कहा- ऐसा कोई हिस्सा नहीं जिसे हटाने की जरूरत
Published:
3 min read

फिल्म ‘अजेय' में अनंत जोशी, योगी आदित्यनाथ का किरदार निभा रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ की लाइफ पर बनी फिल्म ‘अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी’ को बिना किसी कट के रिलीज किया जाएगा। बॉम्बे हाईकोर्ट ने सोमवार (25 अगस्त) को फैसला सुनाते हुए सेंसर बोर्ड (CBFC) से कहा- फिल्म के थिएट्रिकल रिलीज के लिए बिना किसी कट या बदलाव के सर्टिफिकेट जारी किया जाए।
कोर्ट ने कहा- हमने फिल्म को ध्यान से देखा। जिन सीन्स पर CBFC ने आपत्ति जताई गई थी, वहां रुक कर नोट भी किया। हमें ऐसा कोई हिस्सा नहीं मिला जिसे हटाने या बदलने की जरूरत हो।
वहीं, इस फैसले पर CBFC के वकील का कहना है- फिल्म में अश्लीलता है। यह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति मानहानिकारक हो सकती है।
इस पर कोर्ट ने पूछा कि क्या उन्होंने खुद फिल्म देखी है। तो वकील ने ‘नहीं’ में जवाब दिया। इस पर बेंच ने कहा- फिल्म में न तो अश्लीलता है और न ही कोई मानहानिकारक चीजें। बस एक डिसक्लेमर शामिल किया जा सकता है। ताकि यह क्लियर किया जा सके कि यह फिल्म फिक्शनल कैरेक्टर्स पर बेस्ड है। सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिए बनाया गया है।
![]()
दरअसल, सेंसर बोर्ड फिल्म को सर्टिफिकेट देने में देरी कर रहा था। पहले बोर्ड ने फिल्म में 29 कट लगाने की मांग की थी। फिर इसे घटा कर 21 कि दिया। इस वजह से मेकर्स ‘सम्राट सिनेमैटिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। 21 अगस्त को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा था- ‘सेंसर बोर्ड (CBFC) ने फिल्म को सर्टिफिकेट न देने में बहुत सख्ती अपनाई है। इस वजह से कोर्ट खुद फिल्म देखेगी। हम भी यह जानना चाहते हैं कि किस आधार पर CBFC ने आपत्ति जताई है।

बुक पर आधारित है CM योगी की बायोपिक
फिल्म की कहानी बुक ‘द मोंक हू बिकेम चीफ मिनिस्टर’ पर बेस्ड है। जब बेंच ने पूछा कि क्या CBFC के वकील ने यह किताब पढ़ी है। तो उन्होंने मना कर दिया। इस पर मेकर्स की ओर से वकील ने बताया कि यह बुक कई नेशनल और इंटरनेशनल लाइब्रेरी में रखी हुई है और लोग इसे पढ़ते भी है।
कोर्ट ने यह भी कहा- भारतीय कानून के तहत केवल किसी वास्तविक व्यक्ति या घटना पर आधारित होने की वजह से फिल्म को रोका नहीं जा सकता। फिल्म में तो योगी आदित्यनाथ की छवि पॉजिटिव दिखाई गई हैं।

फिल्म की मेकिंग में 30 करोड़ से ज्यादा का खर्च
‘अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी’ को राजेंद्र गौतम ने डायरेक्ट किया है। वहीं, रितु मेंगी इसकी प्रोड्यूसर हैं। फिल्म में सीएम आदित्यनाथ के बचपन से लेकर मुख्यमंत्री बनने तक के संघर्षों को दिखाया जाएगा। शुरुआत में फिल्म 1 अगस्त को रिलीज होने वाली थी। हालांकि, सर्टिफिकेट न मिलने पर रिलीज टल गई।
मेकर्स के मुताबिक, फिल्म की मेकिंग में अब तक 30 करोड़ से ज्यादा का खर्च हुआ है। इसमें मार्केटिंग, डिस्ट्रीब्यूशन और प्रमोशन कोलैबोरेशन भी शामिल हैं।
फिल्म में अनंत जोशी, योगी आदित्यनाथ की भूमिका निभा रहे हैं। इससे पहले अनंत को फिल्म ‘12th फेल’ में देखा गया था।
फिल्म से जुड़ी अन्य खबरों को पढ़ें….

