दिलजीत के साथ फ्यूचर में काम नहीं करेंगे भूषण कुमार : बोले- 'बॉर्डर 2' की शूटिंग आधी हो चुकी, इसलिए वो इसका हिस्सा; पाकिस्तानी एक्ट्रेस के साथ काम करना पड़ा भारी
Published:
3 min read

फिल्म 'बॉर्डर 2' में दिलजीत के अलावा सनी देओल और वरुण धवन भी लीड रोल में हैं।
टी-सीरीज चीफ और डायरेक्टर भूषण कुमार ने कहा है कि वो फ्यूचर में किसी भी प्रोजेक्ट में दिलजीत दोसांझ को कास्ट नहीं करेंगे।
इंडिया टुडे के इंटरव्यू में भूषण कुमार ने कहा, ‘हमने पहले ही फिल्म बॉर्डर 2 की ज्यादातर शूटिंग दिलजीत के साथ कर ली है। अब सिर्फ एक गाना शूट करना बाकी है। ऐसे में उन्हें फिल्म से बाहर करना संभव नहीं है। लेकिन मैंने फेडरेशन को एक लेटर भेजा है कि अब आगे से दिलजीत को अपनी किसी भी फिल्म में कास्ट नहीं करूंगा।’

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के प्रेसिडेंट बीएन तिवारी ने भी इस बारे में बात की। उन्होंने कहा, 'हम भूषण कुमार से दो बार मिल चुके हैं। उन्होंने रिक्वेस्ट किया है कि वे फिल्म में दिलजीत के हिस्से की शूटिंग कर चुके हैं और उनके साथ सिर्फ एक गाना शूट करना बाकी है। वे ऐसे मोड़ पर हैं, जहां वे दिलजीत को फिल्म से बाहर नहीं कर सकते। लेकिन फ्यूचर में वे किसी ऐसे व्यक्ति को प्रोजेक्ट में नहीं लेंगे जो विवाद में फंसा हो।’

दिलजीत पर नॉन-कोऑपरेशन जारी
इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के चेयरमैन अशोक पंडित ने भी कहा, ‘दिलजीत के खिलाफ 'नॉन-कोऑपरेशन' अभी भी लागू रहेगा। हमने यह फैसला इंडस्ट्री के हित में लिया है। बॉर्डर 2 में कोई पाकिस्तानी कलाकार नहीं है और यह फिल्म हमारे सुरक्षाबलों पर आधारित है। लेकिन अगर कोई और निर्माता दिलजीत को लेकर फिल्म बनाएगा, तो उसे भारी नुकसान झेलने के लिए तैयार रहना चाहिए। फेडरेशन उसकी जिम्मेदारी नहीं लेगा।’

बॉर्डर 2 में नजर आएंगे दिलजीत
खबरें थीं कि ‘सरदार जी 3’ विवाद के बाद दिलजीत को ‘बॉर्डर 2’ हटा दिया जाएगा। लेकिन हाल ही में दिलजीत ने फिल्म का एक BTS वीडियो शेयर किया है। इससे ये साफ हो गया कि वह फिल्म का हिस्सा हैं।
बॉर्डर 2 के अलावा दिलजीत के पास इम्तियाज अली की भी एक फिल्म है। वहीं उन्हें बोनी कपूर की नो एंट्री 2 में वरुण धवन और अर्जुन कपूर के साथ कास्ट किया है। हालांकि, अब वे इन फिल्मों में नजर आएंगे या नहीं, यह आने वाले दिनों में ही पता चलेगा।

क्यों विवादों से घिरे दिलजीत
दिलजीत ने 22 जून को इंस्टाग्राम हैंडल पर अपकमिंग फिल्म सरदार जी 3 का ट्रेलर शेयर किया था। इसमें उनके साथ पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर भी नजर आईं। इसी के बाद से दिलजीत को ट्रोल किया जाने लगा।
इस मामले में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के प्रेसिडेंट ने कहा था, 'यह देश के साथ गद्दारी है। पहलगाम अटैक का दर्द भूला नहीं जा सकता। यह फिल्म भारत में रिलीज नहीं हो सकती। अगर कोई एक्टर, प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और सिंगर, किसी पाकिस्तानी आर्टिस्ट के साथ काम करता है, तो उसे देश में बैन कर दिया जाएगा।' यही वजह है कि फिल्म भारत में रिलीज नहीं हुई। पढ़ें पूरी खबर...

