27 साल की उम्र में एक्ट्रेस अनन्या राज का निधन: एक साल से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं; परिवार ने 1 महीने बाद जानकारी दी
Published:
2 min read

एंटरटेनमेंट डेस्क. एक्ट्रेस अनन्या राज का 27 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने ‘Thaggede Le’ और ‘Ghost’ जैसी फिल्मों में काम किया है। बता दें कि उनके निधन की जानकारी अनन्या के परिवार ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करके दी है। इसी के साथ उनके परिवार ने बताया कि एक साल से भी ज्यादा समय से वो शारीरिक और मानसिक रूप से कई स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों से जूझ रही थीं। इन्हीं दिक्कतों के कारण उनका निधन 15 जुलाई को सोते समय नींद में ही हो गया था। इस खबर के सामने आने के बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अनन्या को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।
स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं
परिवार की ओर से जारी बयान में अनन्या की मौत की सटीक वजह का खुलासा नहीं किया गया है। हालांकि, परिवार ने बताया कि अनन्या पिछले एक साल से ज्यादा समय से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं। इसको लेकर परिवार ने कहा कि अनन्या ने इस मुश्किल दौर का मजबूती से सामना किया और अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से लड़ती रहीं। इसी के साथ उन्होंने आगे लिखा कि वह बहुत हिम्मत वाली लड़की थी और रानी की तरह जीती थी।

कौन थी अनन्या राज
अनन्या राज बॉलीवुड और रीजनल फिल्मों में काम करने वाली एक्ट्रेस थीं। उनका बचपन मुंबई में बीता। उन्होंने फिल्मों और म्यूजिक वीडियो के जरिए अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। Thaggede Le और Ghost जैसी फिल्मों में काम करने के बाद उन्हें अच्छी पहचान मिली। इसके अलावा वह ‘7 Hours to Go’ और ‘The Final Exit’ जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। अनन्या ने कई म्यूजिक वीडियोज में भी काम किया था और धीरे-धीरे इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रही थी।

