भारत होर्मुज संकट को लेकर ईरान के कॉन्टैक्ट में : फाॅरेन मिनिस्ट्री ने कहा- मोदी ने गल्फ देशों के नेताओं से बातचीत की; श्रीलंका-बांग्लादेश और मालदीव ने फ्यूल मांगा
Published:
3 min read

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को प्रेस ब्रीफिंग में मिडिल ईस्ट जंग के हालात से जुड़े सवालों के जवाब दिए।- फाइल
इंटरनेशनल डेस्क। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को मिडिल ईस्ट के हालात, ईरान में फंसे भारतीयों और पाकिस्तान के आरोपों पर भारत का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री एस जयशंकर पिछले कुछ दिनों में अपने ईरानी समकक्ष से तीन बार बातचीत कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि रीजन में जारी जंग का असर कई देशों के लोगों के जीवन पर पड़ा है। हालात पर दुनिया की नजर है। हम भी बदलते हालातों पर नजर रख रहे हैं।
मोदी ने गल्फ देशों से कहा- बातचीत से मसला सुलझाएं
जायसवाल ने कहा कि मिडिल ईस्ट में जंग शुरू होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गल्फ देशों के नेताओं से बातचीत की है। इस दौरान उन्होंने जल्द शांति के लिए बातचीत और डिप्लोमेसी पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि टेंशन के बीच नागरिकों की सुरक्षा जरूरी है। इसकी वजह से आम नागरिकों को नुकसान नहीं होना। गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल देशों में बड़ी तादाद में भारतीय रहते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा भारत के लिए बेहद अहम है।
ईरान से लौटने वालों की मदद कर रही सरकार
MEA के मुताबिक ईरान में करीब 9 हजार भारतीय नागरिक मौजूद थे। इनमें स्टूडेंट, क्रू मेंबर्स, कारोबारी, प्रोफेशनल्स और कुछ तीर्थयात्री शामिल हैं। कई भारतीय, खासकर इंडियन स्टूडेंट्स वापस लौट चुके हैं। तेहरान में रह रहे कई भारतीयों को सुरक्षित शहरों में शिफ्ट किया गया है। भारत सरकार उन नागरिकों की भी मदद कर रही है जो अजरबैजान और अर्मेनिया के रास्ते निकलकर कमर्शियल फ्लाइट से घर लौटना चाहते हैं। इसके लिए वीजा और ग्राउंड बॉर्डर पार करने में भी सहायता दी जा रही है।
भारत पर पाकिस्तान के आरोप बेबुनियाद
प्रवक्ता ने पाकिस्तान के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि भारत को बदनाम करना पाकिस्तान की आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि दशकों से आतंकवाद को समर्थन देने वाले देश की अंतरराष्ट्रीय विश्वसनीयता लगभग शून्य है। भारत के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों बेबुनियाद हैं। दुनिया पाकिस्तान के झूठे नैरेटिव से अच्छी तरह वाकिफ है। बता दें कि पाकिस्तान ने कहा था कि होर्मुज संकट के बीच ईरान और भारत मिलकर US-इजराइल के खिलाफ साजिश रच रहा है। इसलिए भारत को ईरान से खास छूट मिल रही है और उसके टैंकर पार हो रहे हैं।
भारत पड़ोसियों को फ्यूल देने पर विचार करेगा
फॉरेन मिनिस्ट्री ने कहा कि भारत रिफाइंड पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स का बड़ा एक्सपोर्टर है। बांग्लादेश ने भारत से डीजल आपूर्ति का अनुरोध किया है, जिस पर विचार किया जा रहा है। इसी तरह श्रीलंका और मालदीव ने भी एनर्जी सप्लाई को लेकर रिक्वेस्ट भेजी है। जायसवाल ने कहा कि अपने पास क्रूड की ऐवबेलिटी को देखते हुए पड़ोसी देश की ओर से की गई इस मांग पर भारत विचार करेगा।

