रायपुर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह: CM विष्णुदेव साय ने किया स्वागत, राज्योत्सव समापन व राज्य अलंकरण समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
Published:
2 min read

रायपुर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि माता कौशल्या की पावन भूमि और प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ के प्रति केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आत्मीय स्नेह प्रदेशवासियों के लिए शक्ति और विश्वास का संबल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की शांति, सुरक्षा और विकास के प्रति शाह की प्रतिबद्धता और निरंतर सहयोग विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करता है।
आज कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच रायपुर पहुंचे हैं। अपने प्रवास के दौरान वे एक निजी अस्पताल के लोकार्पण सहित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके अलावा वे आज आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
राज्य अलंकरण से सम्मानित होंगी प्रदेश की प्रतिभाएं
राज्योत्सव के समापन समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन प्रतिभाओं को सम्मानित करेंगे।
अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। राज्योत्सव के समापन समारोह में उनकी मौजूदगी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी।

