रायपुर में आधी रात अपराधियों पर एक्शन: पुलिस ने 50 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया, 2 बदमाशों से हथियार बरामद
Published:
3 min read

रायपुर में रातभर चला पुलिस का ऑपरेशन, 50 संदिग्ध हिरासत में।
रायपुर। राजधानी में अपराध और अड्डेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने रातभर सघन चेकिंग और नाकेबंदी अभियान चलाया। 30 और 31 अक्टूबर की दरमियानी रात मध्य जोन में डीसीपी तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की जांच की। इस दौरान 50 से अधिक संदिग्धों को पकड़कर थाने लाया गया और पूछताछ की गई।
इनमें से 23 लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट, कोतवाली के समक्ष पेश किया गया। वहीं, थाना देवेंद्र नगर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
देवार डेरा से नेहरू नगर तक पुलिस की सर्चिंग
अभियान के तहत मध्य जोन के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष नाकेबंदी और चेकिंग की गई। थाना तेलीबांधा क्षेत्र के देवार डेरा, कोतवाली क्षेत्र के नेहरू नगर और चांदनी चौक सहित विभिन्न इलाकों में पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। विशेष रूप से बीएसयूपी और राजीव आवास कॉलोनियों के आसपास के अंधेरे एवं सुनसान स्थानों, गलियों और खुले मैदानों को अभियान में शामिल किया गया। इन क्षेत्रों में रात के समय होने वाली अड्डेबाजी पर रोक लगाने के लिए पुलिस टीमों ने पैदल पेट्रोलिंग करते हुए सर्चिंग की। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की और आवश्यक कार्रवाई की।
50 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ, 23 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
रातभर चले अभियान के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर संबंधित थानों में लाया। पूछताछ और जांच के बाद 23 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। सभी 23 व्यक्तियों को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट, कोतवाली के समक्ष पेश किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य राजधानी में शांति व्यवस्था बनाए रखना और रात के समय होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण करना है।
देवेंद्र नगर में आर्म्स एक्ट के दो आरोपी गिरफ्तार
इधर, थाना देवेंद्र नगर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदय उर्फ ओम मिश्रा, निवासी पंडरीतराई और क्रिश ध्रुवंशी, निवासी मंडी गेट के सामने सिविल लाइन के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
लगातार जारी रहेगा चेकिंग अभियान
रायपुर पुलिस का कहना है कि राजधानी में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नाकेबंदी, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। रात के समय संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

