रायगढ़ में बिरयानी के लिए युवक की बेरहमी से हत्या: नशा और खाने के लालच में चाकू से गोदा, 1 बालिग समेत 4 नाबालिग गिरफ्तार
Published:
3 min read

रायगढ़ में बिरयानी के लिए हत्या, AI जनरेटेड फोटो।
रायगढ़। जिले से एक बेहद हैरान करने और इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां महज एक प्लेट बिरयानी खाने और नशे के पैसों का जुगाड़ करने के लिए आरोपियों ने एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात शव के अंधे कत्ल का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक बालिग युवक और चार नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।

नशे के आदि हैं आरोपी, लूट की थी योजना
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं और अक्सर बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन के आसपास अकेले सोने वाले लोगों को अपना निशाना बनाते थे। घटना 23 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे की है। सभी आरोपी नशे की हालत में थे और उन्हें बिरयानी खाने की तीव्र इच्छा हुई, लेकिन जेब में एक भी रुपया नहीं था। पैसों का इंतजाम करने के लिए उन्होंने राहगीरों या सो रहे लोगों को लूटने की योजना बनाई। योजना के तहत दो लड़के 'एचएफ डीलक्स' मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 M 3674) से ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंचे, जबकि तीन अन्य लड़के पीछे से वहां एकत्र हुए।
विरोध करने पर ताबड़तोड़ चाकू से किए वार
बस स्टैंड पर फल दुकान के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के नजदीक एक व्यक्ति नशे की हालत में सोया हुआ था। आरोपियों ने उसकी जेब से मोबाइल और नकदी चुराने की नीयत से हाथ डाला। आहट पाकर सोया हुआ व्यक्ति अचानक जाग गया और उसने विरोध करना शुरू कर दिया। खुद के पकड़े जाने के डर से बौखलाए आरोपियों में से एक नाबालिग ने अपने पास रखे खतरनाक बटनदार चाकू से उस व्यक्ति के सीने, कंधे, जांघ और पीठ पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उसकी जेब से 700 रुपए नकद निकालकर आपस में बांटकर फरार हो गए।
24 घंटे के भीतर पुलिस ने ऐसे किया पर्दाफाश
अगली सुबह यानी 24 अक्टूबर को जब स्थानीय लोगों ने अज्ञात शव देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जूटमिल थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शव के शॉर्ट पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने पर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 656/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस (BNS) और बाद में संगठित अपराध की धारा 111 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने आसपास के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मिट्ठूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई क्षेत्रों में दबिश देकर मुख्य आरोपी राजेश्वर सारथी उर्फ समारू समेत 4 नाबालिग बालकों को धर दबोचा।
हथियार और खून से सने कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू, आरोपियों के खून से सने कपड़े और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। महज कुछ रुपयों और खाने के शौक के लिए इस तरह की जघन्य वारदात को अंजाम देने की इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़

