कटघोरा-उरगा एनएच से अप्रभावित जमीनों की रजिस्ट्री शुरू कराने की मांग: मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा कलेक्टर को लिखा पत्र
Published:
2 min read

कैबिनेट मंत्री एवं विधायक लखन लाल देवांगन।
कोरबा। कटघोरा-उरगा नेशनल हाईवे से प्रभावित क्षेत्र के लोगों को राहत देने की दिशा में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं विधायक लखन लाल देवांगन ने पहल की है। मंत्री ने कलेक्टर को पत्र लिखकर हाईवे से प्रभावित नक्शा-खसरा और भूमि को छोड़कर अप्रभावित जमीन की खरीदी-बिक्री एवं रजिस्ट्री की अनुमति देने का आग्रह किया है। मंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि कटघोरा-उरगा एनएच से संबंधित भूमि की रजिस्ट्री लंबे समय से बंद है। खरीदी-बिक्री और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पर रोक होने के कारण क्षेत्र के आम नागरिकों और भूमि स्वामियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भूमि मालिकों को हो रही परेशानी
रजिस्ट्री बंद होने के कारण कई भूमि स्वामी अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप जमीन का क्रय-विक्रय नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, आर्थिक और अन्य जरूरी जरूरतों के लिए भूमि का उपयोग करने में भी उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंत्री ने कहा कि कटघोरा-उरगा एनएच के लिए वास्तव में प्रभावित नक्शा-खसरा और भूमि को यथावत रखते हुए, उसके अलावा बची अप्रभावित भूमि की खरीदी-बिक्री और रजिस्ट्री की अनुमति दी जा सकती है। इससे प्रभावित भूमि की सुरक्षा भी बनी रहेगी और अप्रभावित क्षेत्र के नागरिकों को राहत मिलेगी।

जनहित में शीघ्र अनुमति देने का आग्रह
लखन लाल देवांगन ने कलेक्टर से जनहित को ध्यान में रखते हुए अप्रभावित भूमि की खरीदी-बिक्री और रजिस्ट्री की अनुमति जल्द प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन का उद्देश्य विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ आम नागरिकों की सुविधाओं और उनके हितों का संरक्षण करना भी है। अप्रभावित क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान कर उन्हें आवश्यक राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री की इस पहल से कटघोरा-उरगा एनएच क्षेत्र में प्रभावित भूमि को छोड़कर शेष जमीन के मालिकों को रजिस्ट्री और खरीदी-बिक्री शुरू होने की उम्मीद जगी है।
ये भी पढ़ें- विस्थापन को तैयार देवझर-अमली गांव के लोग: 156 परिवार बोले- पहले ग्राम सभा में तय होंगी पुनर्वास की शर्तें

