कांकेर के गढ़चिरौली सीमा पर भारी मात्रा में नक्सल डंप बरामद: सर्चिंग के दौरान दो 12 बोर रायफल, कारतूस, प्रिंटर सहित अन्य नक्सल सामग्री जब्त
Published:
2 min read

गढ़चिरौली सीमा पर भारी मात्रा में नक्सल डंप बरामद
कांकेर। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत कांकेर पुलिस, बीएसएफ और बीडीएस टीम को बड़ी सफलता मिली है। बांदे-छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में कांकेर-गढ़चिरौली (महाराष्ट्र) सीमा से लगे ग्राम दागुनटोला-पुसगटटा के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सल डंप बरामद किया है।
ये सामान जब्त
डंप से दो 12 बोर रायफल, कारतूस, प्रिंटर सहित अन्य नक्सल सामग्री बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले के संवेदनशील एवं सीमावर्ती इलाकों में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 सितंबर 2026 को जिला बल, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम द्वारा दागुनटोला-पुसगटटा के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री का डम्प मिला। टीम ने मौके से हथियार और अन्य सामग्री बरामद कर उसे सुरक्षित कब्जे में लिया।
बरामद सामग्री में शामिल हैं—
12 बोर सिंगल बैरल रायफल – 01 नग
12 बोर डबल बैरल रायफल – 01 नग
प्रिंटर – 02 नग
12 बोर कारतूस – 11 नग
अन्य नक्सल सामग्री
तलाश के लिए सर्चिंग अभियान जारी
पुलिस के मुताबिक, सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण अभियान के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार एवं अन्य सामग्री की तलाश के लिए सर्चिंग अभियान लगातार जारी है।
कार्रवाई में ये अधिकारी शामिल
यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा तथा 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के सेनानी रविन्द्र सिंह चंदेल के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में 94वीं वाहिनी बीएसएफ के इंस्पेक्टर एच.एन. शर्मा और इंस्पेक्टर हनुमान सहाय मीणा टीम कमांडर के रूप में शामिल रहे।
कांकेर पुलिस का क्या कहना है ?
कांकेर पुलिस का कहना है कि नक्सल प्रभावित एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में जिला बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सघन सर्चिंग की जा रही है।

