कांकेर में 2.23 करोड़ के 450 किलो गांजे का मामला: फरार तस्कर यूपी से गिरफ्तार, हरियाणा नंबर की कार जब्त, वाहन से मिलीं 6 नंबर प्लेट
Published:
3 min read

कांकेर में 450 किलो गांजा जब्ती का आरोपी यूपी से गिरफ्तार।
कांकेर। जिले में गांजा तस्करी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंगारभाट पहाड़ी के पास करीब 450 किलो गांजा छोड़कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हरियाणा नंबर की कार भी जब्त की है। कार से 5 से 6 अलग-अलग नंबर प्लेट मिली हैं, जिनका इस्तेमाल आरोपी पहचान छिपाने के लिए करता था।
सिंगारभाट पहाड़ी के पास मिला था 450 किलो गांजा
पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह शहर से लगे सिंगारभाट पहाड़ी के नीचे गांजे के कई पैकेट मिले थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और करीब 450 किलोग्राम गांजा जब्त किया। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 23 लाख रुपए बताई गई है। इसके बाद पुलिस ने तस्करी में शामिल आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस की नाकेबंदी देखकर गांजा छोड़कर भागा था आरोपी
पुलिस को पहले ही सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए गांजे की तस्करी की जा रही है। इसके आधार पर पुलिस ने 4 से 5 स्थानों पर चेकपोस्ट लगाकर वाहनों की जांच शुरू की थी।इसी दौरान आरोपी को पुलिस की कार्रवाई और पीछा करने की भनक लग गई। वह गांजा छोड़कर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मौके से गांजा जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू की।
साइबर टीम की मदद से उत्तर प्रदेश पहुंची पुलिस
फरार आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए कांकेर पुलिस ने साइबर टीम की मदद ली। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हरियाणा नंबर की कार भी जब्त की है।
कार से मिलीं 5 से 6 नंबर प्लेट
जांच के दौरान पुलिस को कार से 5 से 6 अलग-अलग नंबर प्लेट मिली हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन नंबर प्लेटों को बदलकर इस्तेमाल करता था, ताकि उसकी पहचान छिपी रहे और पुलिस को चकमा दिया जा सके।
गांजा तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
फिलहाल इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन स्थानों पर पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
योगेश साहू, एडिशनल एसपी, कांकेर

