जेल के सामने रील बनाना पड़ा महंगा: पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उसी जेल की सलाखों के पीछे भेजा
Published:
2 min read

जेल के सामने रील बनाने पर धमतरी में दो युवक गिरफ्तार किया।
धमतरी। सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का शौक धमतरी के दो युवकों को भारी पड़ गया। उप जेल धमतरी के सामने रील बनाने पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
उप जेल धमतरी के सामने बनाई थी रील
मामला धमतरी सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली थी कि उप जेल धमतरी के सामने दो युवक मोबाइल से रील बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को जेल जैसे संवेदनशील स्थान की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में समझाइश देते हुए वहां रील नहीं बनाने के लिए कहा। इसके बावजूद दोनों युवक सार्वजनिक स्थान पर रील बनाते पाए गए। पुलिस के मुताबिक उनकी गतिविधि से लोगों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की।
न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा
पुलिस ने शेख आसिफ (20), निवासी महंत घासीदास वार्ड, धमतरी और जसवंत सिंह हिरा (23), निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ धारा 170/126, 135 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को भी दी गई।
पुलिस ने की अपील
धमतरी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जेल, न्यायालय, पुलिस कार्यालय और अन्य संवेदनशील एवं सुरक्षा से जुड़े स्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से वीडियो या रील न बनाएं। सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने के उत्साह में किसी संवेदनशील स्थान की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ आगे भी तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- कांकेर में जल संकट को लेकर आक्रोश: कांग्रेस पार्षदों ने नगर पालिका में खोला मोर्चा; जल्द समाधान की मांग
अभिषेक चतुर्वेदी, सीएसपी, धमतरी

