'भय-हिंसा से निकलकर विकास की नई राह पर बढ़ रहा बस्तर': प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीएम विष्णुदेव साय ने किया स्वागत, बोले- दिखाई दे रही विकास की नई तस्वीर
Published:
3 min read

बस्तर की पावन धरा पर पीएम मोदी का स्वागत करेंगे सीएम विष्णुदेव साय।
रायपुर/जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीपावली के अवसर पर छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की पावन धरा पर प्रधानमंत्री का हार्दिक स्वागत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और यहां की जनता के प्रति प्रधानमंत्री का विशेष स्नेह हमेशा प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणादायक रहा है।
सीएम विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर किए गए पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बस्तर अब भय और हिंसा के माहौल से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने एक्स पर साझा की बस्तर आने की जानकारी
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर बस्तर जाने की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा की थी। अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि वह दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी नक्सलियों का आतंक हुआ करता था, वहां अब विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। पीएम मोदी ने अपने संदेश में बस्तर के वीर जवानों के साहस, शौर्य और बलिदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि वह बस्तर पहुंचकर उन जवानों को नमन करेंगे, जिन्होंने देश और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया है।
सीएम साय बोले- बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का नया दौर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री के पोस्ट को साझा करते हुए लिखा कि बस्तर की पवित्र धरती पर आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति प्रधानमंत्री का विशेष स्नेह और आत्मीयता हमेशा प्रेरणा देता रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बस्तर हिंसा और भय के अंधकार से बाहर निकलकर शांति, विश्वास और विकास के उजाले की ओर बढ़ रहा है। क्षेत्र में बदलते हालात और विकास की नई संभावनाएं इस बदलाव को दर्शाती हैं।
दीपावली पर जवानों के बीच पहुंचना उनके सम्मान का प्रतीक
सीएम साय ने कहा कि दीपावली जैसे पावन त्योहार पर प्रधानमंत्री का वीर जवानों के बीच पहुंचना उनके अदम्य साहस, त्याग और समर्पण के प्रति सम्मान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री का जवानों के साथ त्यौहार मनाने का निर्णय सुरक्षा बलों के मनोबल को बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में तैनात जवान देश की सुरक्षा के साथ बस्तर में शांति स्थापित करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री का उनके बीच पहुंचना जवानों के लिए विशेष महत्व रखता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से दी दीपावली की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि छत्तीसगढ़ को प्रधानमंत्री का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन निरंतर मिलता रहे, ताकि प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर सके।
नक्सलवाद से प्रभावित बस्तर के लिए दौरे के कई मायने
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दीपावली पर बस्तर पहुंचना राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे इस क्षेत्र में सुरक्षा, शांति, बुनियादी सुविधाओं और विकास को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

