Bank of India ने FD की ब्याज दरें बढ़ाईं: एक साल के डिपॉजिट पर 6.60% ब्याज मिलेगा; स्टार अक्षय स्कीम शुरू की, इसमें 7.50% तक इंटरेस्ट ऑफर
Published:
3 min read

बैंक ऑफ इंडिया में FD में निवेश करने वालों को चुनिंदा अवधि के लिए बेहतर रिटर्न मिलेगा। (फाइल फोटो)
बिजनेस डेस्क। बैंक ऑफ इंडिया (BoI) ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) ब्याज दरों में बदलाव किया है। इसके चलते अब FD में निवेश करने वाले लोगों को चुनिंदा अवधि (मैच्योरिटी) के लिए बेहतर रिटर्न मिलेगा। पब्लिक सेक्टर के इस बैंक ने 1 साल से 3 साल की अवधि वाली फिक्स्ड डिपॉजिट पर ब्याज दरें बढ़ा दी हैं। इसके साथ ही बैंक ने स्टार अक्षय (Star Akshay) नाम से एक नई स्पेशल फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम शुरू की है।
ये नई ब्याज दरें 2 नवंबर से लागू हो गई हैं। इस बदलाव से उन डिपॉजिटर्स को फायदा होने की उम्मीद है, जो अपनी सेविंग्स को हाई इंटरेस्ट रेट पर लॉक (सुरक्षित) करना चाहते हैं। बैंक ने अपनी नई स्पेशल डिपॉजिट स्कीम के तहत आम ग्राहक (जनरल कस्टमर्स), वरिष्ठ नागरिकों (सीनियर सिटीजंस) के लिए अलग-अलग ब्याज दरों की घोषणा की है।
स्टार अक्षय FD स्कीम में 7.50% तक ब्याज
हाल ही में शुरू की गई स्टार अक्षय फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में ग्राहक 500 दिनों के फिक्स्ड टेन्योर (अवधि) के लिए अपना पैसा निवेश कर सकते हैं। इस योजना के तहत बैंक आम ग्राहकों को 6.85% की सालाना ब्याज दर दे रहा है। वरिष्ठ नागरिकों को 7.35% की ब्याज दर मिलेगी। जबकि सुपर सीनियर सिटीजन सालाना 7.50% तक ब्याज पा सकते हैं।
यह स्कीम कस्टमर्स को कम अवधि के निवेश में ज्यादा ब्याज कमाने का मौका देती है। हालांकि, निवेशकों को अपना डिपॉजिट अमाउंट बुक करने से पहले लागू नियमों और शर्तों को देख लेना चाहिए।

₹3 करोड़ से कम के डिपॉजिट पर नए FD रेट
बैंक ऑफ इंडिया ने 3 करोड़ रुपए से कम की रिटेल फिक्स्ड डिपॉजिट पर चुनिंदा अवधि के लिए ब्याज दरों में बदलाव किया है। एक साल की अवधि वाले डिपॉजिट पर 6.60% सालाना ब्याज मिलेगा। 1 साल से ज्यादा लेकिन 3 साल से कम की अवधि वाले डिपॉजिट अमाउंट पर बैंक सालाना 6.70% ब्याज दे रहा है।
नई दरों में वरिष्ठ नागरिकों और सुपर सीनियर सिटीजन को ज्यादा फायदे मिलेंगे। वरिष्ठ नागरिकों को एलिजिबल टेन्योर पर ब्याज दर में 0.50% का अतिरिक्त फायदा मिलेगा। वहीं सुपर सीनियर सिटीजन को ब्याज दर पर 0.65% का ज्यादा बेनिफिट मिलेगा।
₹10 करोड़ तक के बल्क FD रेट में भी बदलाव
बैंक ऑफ इंडिया ने रिटेल डिपॉजिट के साथ 3 करोड़ से 10 करोड़ रुपए तक की बल्क फिक्स्ड डिपॉजिट पर भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर दी है। इसके तहत 1 साल की अवधि वाली बल्क FD पर 6.55% और 1 साल से 3 साल तक की अवधि वाली FD पर 6.65% सालाना ब्याज मिलेगा। ब्याज दरों में किए गए इस बदलाव से सरकारी बैंक में ज्यादा पैसा जमा करने वाले निवेशकों को अब पहले से ज्यादा मुनाफा मिलेगा।
नॉन-कॉलेबल फिक्स्ड डिपॉजिट पर हाई रेट्स
बैंक ऑफ इंडिया 1 से 3 साल की अवधि वाली नॉन-कॉलेबल फिक्स्ड डिपॉजिट पर 0.15% अतिरिक्त ब्याज दे रहा है। नॉन-कॉलेबल FD की खासियत यह होती है कि इसमें मैच्योरिटी से पहले पैसा निकालने की अनुमति नहीं होती। जबकि सिंपल FD में कुछ शर्तों और पेनाल्टी के साथ समय से पहले पैसा निकालने की सुविधा (लिक्विडिटी) मिलती है। हालांकि नॉन-कॉलेबल FD पर ज्यादा ब्याज मिलता है।

