43% लोग Online शॉपिंग पर एक्स्ट्रा पैसे नहीं देना चाहते: Amazon Now पसंदीदा प्लेटफॉर्म बना, रोज के सामान के लिए Blinkit सबसे आगे; पढ़ें सर्वे रिपोर्ट
Published:
4 min read

लास्ट-मिनट फेस्टिव शॉपिंग के लिए लोग Amazon Now, Blinkit और जेप्टो जैसे फास्ट डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स अपना रहे हैं। (AI इमेज)
बिजनेस डेस्क। क्विक कॉमर्स ऐप्स त्योहारों के दौरान जरूरी चीजें कुछ ही मिनटों में पहुंचाने का वादा करते हैं। लेकिन इस दीपावली ग्राहकों के लिए सिर्फ फास्ट डिलीवरी काफी नहीं है। एक नए सर्वे से पता चला है कि कस्टमर्स फास्ट डिलीवरी से ज्यादा ध्यान इस बात पर दे रहे हैं कि उन्हें कम दाम में अच्छा प्रोडक्ट मिले। इसके लिए एक्स्ट्रा चार्ज न देना पड़े।
लोकलसर्कल्स (LocalCircles) की एक लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, 71% कस्टमर्स ऐसे प्लेटफॉर्म को पसंद करते हैं जो बेहतर वैल्यू देते हैं। जबकि 65% लोग प्रोडक्ट की क्वालिटी को ज्यादा अहमियत देते हैं। वहीं 43% लोग ऐसे प्लेटफॉर्म चाहते हैं जो बहुत कम या कोई एक्स्ट्रा चार्ज न लें।
लास्ट-मिनट फेस्टिव शॉपिंग में अमेजन सबसे आगे
त्योहारों के समय आखिरी मौके पर खरीदारी करने के लिए अमेजन नाउ (Amazon Now) सबसे पसंदीदा प्लेटफॉर्म बनकर उभरा, जिसे 22% लोगों ने चुना। इसके बाद ब्लिंकिट (Blinkit) को 19% लोगों ने इस्तेमाल किया। जबकि जेप्टो (Zepto) को 14% और बिगबास्केट (BigBasket) को 12% लोगों ने पसंद किया।
9% यूजर्स ने स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) को प्रायोरिटी दी। इसके बाद फ्लिपकार्ट मिनट्स (Flipkart Minutes) 8% और जियोमार्ट क्विक (JioMart Quick) लास्ट मिनट शॉपिंग के लिए 4% यूज किया गया । 12% यूजर्स तय नहीं कर पाए थे।

रोज की खरीदारी में ब्लिंकिट का यूज सबसे ज्यादा
हालांकि, रोजमर्रा की खरीदारी के लिए ब्लिंकिट सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला प्लेटफॉर्म बना रहा, जिसे 31% यूजर्स ने चुना। इसके बाद Amazon Now का इस्तेमाल 25% कस्टमर्स ने किया। इन आंकड़ों से पता चलता है कि त्योहारों की खरीदारी के समय कीमत, प्रोडक्ट की अवेलेबिलिटी और एडिशनल चार्ज के आधार पर ग्राहक अपना प्लेटफॉर्म बदल सकते हैं।
एडिशनल चार्ज कस्टमर्स के लिए चिंता का विषय
क्विक कॉमर्स का इस्तेमाल करने वालों के लिए डिलीवरी टाइम की तुलना में फाइनल बिल ज्यादा बड़ी चिंता का विषय हो सकता है। सर्वे के मुताबिक, 60% लोगों का कहना है कि डिलीवरी, हैंडलिंग, छोटे ऑर्डर या अन्य तरह के चार्ज की वजह से फाइनल बिल अक्सर उम्मीद से ज्यादा हो जाता है। इनमें से 42% लोगों ने कहा कि ऐसा बहुत बार होता है, जबकि 18% लोगों ने कहा कि ऐसा अक्सर होता है।
इससे यह समझा जा सकता है कि 43% यूजर ऐसे प्लेटफॉर्म क्यों पसंद करते हैं, जहां एडिशनल चार्ज कम हो या बिल्कुल न हो। लास्ट मिनट शॉपिंग में ज्यादातर कस्टमर छोटे ऑर्डर देते हैं, इसलिए थोड़ा सा चार्ज भी बिल पर काफी असर डाल सकता है।

ज्यादातर ऑर्डर 1,000 रुपए से कम के होते हैं
क्विक कॉमर्स का इस्तेमाल कस्टमर्स खासतौर से छोटी खरीदारी के लिए करते हैं। अब ये उनकी आदत में आ गया है। सर्वे से पता चला है कि 69% यूजर आमतौर पर हर ऑर्डर पर 200 रुपए से 999 रुपए के बीच खर्च करते हैं। लगभग 20% लोग 200–399 रुपए, 27% लोग 400–599 रुपए और 22% लोग 600–999 रुपए खर्च करते हैं।
केवल 16% लोग ही आमतौर पर 1,000 रुपए या उससे ज्यादा खर्च करते हैं। इनसे पता चलता है कि कस्टमर्स इन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल बड़ी खरीदारी के बजाय रोजमर्रा की जरूरी चीजों और त्योहारों से जुड़ी छोटी-मोटी खरीदारी के लिए कर रहे हैं।

Zepto-Amazon अब कंज्यूमर रेटिंग्स में सबसे ऊपर
सात प्लेटफॉर्म्स को शामिल करने वाली एक अलग कंज्यूमर रेटिंग प्रोसेस में Amazon Now और Zepto ने 35 में से 27.5 का सबसे ज्यादा टोटल स्कोर हासिल किया। इसके बाद BigBasket का नंबर रहा, जिसे 26 नंबर मिले। जबकि Blinkit और Flipkart Minutes को 23.5-23.5 नंबर मिले। Swiggy Instamart को 22 अंक और जियोमार्ट क्विक को 19.5 अंक मिले।
स्पीड के मामले में Blinkit को सबसे अच्छी रेटिंग मिली। जबकि Amazon Now और Zepto ने चार्जेस में ट्रांसपेरेंसी के मामले में अच्छा प्रदर्शन किया। BigBasket ने प्रोडक्ट्स की स्पेशलिटी और सिलेक्शन के मामले में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया।

