त्रिशा कृष्णन के घर को बम से उड़ाने की धमकी: कंट्रोल रूम को ईमेल मिला, जांच में फर्जी निकला; 6 महीने में दूसरी बार धमकी
Published:
3 min read

एंटरटेनमेंट डेस्क. साउथ एक्ट्रेस त्रिशा कृष्णन के घर को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चेन्नई के तेयनमपेट स्थित उनके घर पर धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी थी। इसके अलावा बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि, बाद में तथ्यों को देखते हुए पुलिस ने इसे फर्जी बताया।
दरअसल, पुलिस के मुताबिक, कंट्रोल रूम को एक ईमेल मिला। उस मेल में दावा किया गया था कि त्रिशा के घर में बम रखा गया है। इसके बाद स्थानीय पुलिस पूरी टीम और स्निफर डॉग्स के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घर की तलाशी ली। लेकिन, घर पर कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली। तलाशी के बाद पुलिस ने कहा- घर में कोई विस्फोटक नहीं मिला। यह धमकी पूरी तरह फर्जी थी।

6 महीने में दूसरी बार धमकी
यह पहली बार नहीं है जब त्रिशा को ऐसी धमकी मिली हो। अक्टूबर 2025 में भी उन्हें इसी तरह की फर्जी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय तमिलनाडु में कई ऐसे कई केस भी सामने आए थे। उस दौरान CM एमके स्टालिन को भी इसी तरह की धमकियां मिली थी।
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, लगातार दूसरी बार ऐसी घटना सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। चेन्नई पुलिस साइबर क्राइम विंग अब ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही IP एड्रेस ट्रेस किए जा रहे हैं। दूसरी तरफ, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

लगातार 2 फिल्म में दिखेंगी त्रिशा
वर्कफ्रंट की बात करें, तो त्रिशा की कई फिल्में लाइनअप है। वह जल्द ही फैंटेसी एंटरटेन फिल्म ‘विश्वंभरा’ में नजर आने वाली हैं। इसे विक्रम, वामसी और प्रमोद ने यूवी क्रिएशंस के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। इसकी रिलीज डेट अभी तय नहीं है।
इसके अलावा वह आर. जे. बालाजी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘करुप्पु’ में दिखेंगी। यह एक्शन एंटरटेनर फिल्म है। इसमें सूर्या वकील सरवनन के किरदार में नजर आएंगे। इस फिल्म में मलयाली एक्टर इंद्रांस, शिवदा, स्वासिका और तमिल एक्टर योगी बाबू और नैट्टी भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का म्यूजिक साई अभ्यंकर ने दिया है।
थलपति विजय के साथ नाम जुड़ चुका
विजय और त्रिशा तमिल सिनेमा की सबसे फेमस ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक रहे हैं। दोनों को सबसे पहले 2004 की फिल्म घिल्ली में साथ देखा गया था। इसके बाद थिरूपाची, आथी, कुरुवी जैसी फिल्मों में भी उनकी साझेदारी पसंद की गई। 2023 में रिलीज हुई लियो में भी दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने बहुत पसंद किया।

BJP नेता के बयान ने और तूल पकड़ा
बात तब बढ़ी जब तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने विजय की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि अगर एक्टर राजनीति में सचमुच सीरियस हैं, तो उन्हें त्रिशा के घर से बाहर आना चाहिए। हालांकि नागेंद्र ने अपने इस बयान के लिए माफी भी मांगी थी। वहीं, त्रिशा ने भी इस बयान पर नाराजगी जताई थी। उनके वकील ने कहा था कि त्रिशा किसी भी राजनीतिक पार्टी से जुड़ी नहीं हैं और उन्होंने कभी राजनीति में शामिल होने या किसी नेता के साथ रिश्ते में होने की बात स्वीकार नहीं की। उनकी पर्सनल लाइफ को सार्वजनिक टिप्पणी का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए।
तलाक की खबर सामने आने के बाद इस बयान के आधार पर भी विजय का नाम त्रिशा से जोड़ा जा रहा है।

