रायपुर में बाढ़ से हाहाकार: कई इलाके जलमग्न, 300 से ज्यादा लोग फंसे; SDRF-NDRF का रेस्क्यू जारी, मौके पर पहुंची राज एक्सप्रेस की टीम
Published:
2 min read

मूसलाधार बारिश और साइक्लोन से पहली बार रायपुर में बाढ़ जैसे हालात।
रायपुर। राजधानी रायपुर में पहली बार बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। लगातार चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश और डीप डिप्रेशन साइक्लोन के चलते शहर के कई मोहल्ले जलमग्न हो गए हैं। अलग-अलग इलाकों में 300 से अधिक लोग अपने घरों में फंस गए हैं, जिन्हें निकालने के लिए SDRF और NDRF की टीमें मोर्चे पर डटी हैं।
हर तरफ पानी ही पानी
कंदूल, भटगांव, सरस्वती नगर, दतरेगा सहित कई निचले इलाकों में कमर तक पानी भर गया है। नाव के जरिए SDRF की टीम एक-एक कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ NDRF की टीम ने भी मोर्चा संभाल रखा है। लोगों को सबसे पहले छतों और ऊंची जगहों से निकाला जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस तरह के हालात रायपुर में पहले कभी नहीं देखे गए।
क्यों बने बाढ़ के हालात?
बीते चार दिनों से छत्तीसगढ़ में साइक्लोन की वजह से लगातार बारिश हो रही है। बांधों और जलाशयों के गेट खोले जाने के बाद छत्तीसगढ़ की प्रमुख और सहायक नदियों - महानदी, खारुन, शिवनाथ में जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। निचले और तटवर्ती इलाकों में लगातार खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निचले इलाकों को खाली कर दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
युगल तिवारी, संवाददाता, रायपुर
युगल तिवारी, संवाददाता, रायपुर
युगल तिवारी, संवाददाता, रायपुर

