MP के 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट: डिंडौरी और बालाघाट समेत पूर्वी क्षेत्र पर सबसे ज्यादा असर, 27 अगस्त तक झमाझम के आसार
Published:
3 min read

फाइल फोटो।
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून पूरी ताकत के साथ सक्रिय है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बनी मजबूत मौसमीय प्रणालियों के कारण कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि कई अन्य क्षेत्रों में भी तेज वर्षा का दौर जारी रहने के संकेत दिए हैं।
दो जिलों में 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार डिंडौरी और बालाघाट जिले सबसे अधिक प्रभावित हो सकते हैं। इन दोनों जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना है, जिसके चलते अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा जबलपुर, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी, दमोह, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल और छतरपुर जिलों में भी भारी बारिश होने की आशंका है।
राजधानी में भी बदला मौसम का मिजाज
राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, सतना, सिंगरौली, मैहर, पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित कई जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
भोपाल में हुई तेज बारिश
उससे पहले रविवार रात राजधानी भोपाल में बहुत तेज मूसलाधार बारिश हुई। रात करीब साढ़े नौ बजे शुरू हुई बारिश देर रात तक जारी रही। उस बीच 9:30 से 11:00 के बीच करीब डेढ़ घंटे तक हुई तेज वर्षा के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात प्रभावित हुआ। कई निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति भी देखने को मिली। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में मानसून द्रोणिका, सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव क्षेत्र के संयुक्त प्रभाव से बारिश का मजबूत दौर बना हुआ है। यही वजह है कि पूर्वी मध्य प्रदेश में लगातार भारी वर्षा हो रही है और आगामी दिनों में इसका असर पश्चिमी हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि 27 अगस्त तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
प्रदेश में अभी 3 इंच बारिश की कमी
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में अब तक 629.8 मिलीमीटर यानी करीब 24.8 इंच वर्षा दर्ज की जा चुकी है। जबकि इस अवधि तक सामान्य रूप से 707.3 मिलीमीटर यानी 27.8 इंच बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अब भी करीब 3 इंच वर्षा की कमी बनी हुई है और कुल बारिश सामान्य से लगभग 11 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में वर्षा की कमी 8 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 14 प्रतिशत तक बनी हुई है। दूसरी और मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले जिलों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। नदी-नालों के आसपास जाने से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

