ग्वालियर में पकड़ाए 13 बांग्लादेशियों को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू: क्राइम ब्रांच की टीम घुसपैठियों को लेकर बॉर्डर के लिए रवाना
Published:
3 min read

फाइल फोटो।
ग्वालियर। शहर में चोरी-छिपे रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों को वापस उनके देश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ग्वालियर क्राइम ब्रांच की टीम सात पुरुष, तीन महिला और तीन बच्चों सहित कुल 13 लोगों को लेकर बांग्लादेश सीमा के लिए रवाना हो गई है। सीमा पर पहुंचने के बाद सभी को बीएसएफ के हवाले किया जाएगा, जहां से नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर उन्हें बांग्लादेश भेजा जाएगा।
20 दिन पहले अलग-अलग इलाकों से पकड़े गए थे
दरअसल, ग्वालियर क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि शहर में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने अभियान चलाकर करीब 20 दिन पहले शहर के अलग-अलग इलाकों से 13 लोगों को हिरासत में लिया था। जानकारी के अनुसार, एक युवती को कॉसमोवेली टाउनशिप से पकड़ा गया था, जबकि उसकी दो साथी युवतियां सिटी सेंटर और पड़ाव क्षेत्र के होटलों में मिली थीं। वहीं, पिंटो पार्क और थाटीपुर क्षेत्र से अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया था।
बिना वीजा-पासपोर्ट भारत में रह रहे थे
पुलिस जांच में सामने आया कि ये सभी लोग बिना किसी वैध वीजा और पासपोर्ट के भारत में रह रहे थे। पकड़े जाने के बाद सभी 13 लोगों को डिटेंशन सेंटर में रखा गया। उनके पास से मिले दस्तावेजों की जांच और नागरिकता की पुष्टि के लिए उन्हें दिल्ली स्थित बांग्लादेश दूतावास को भेजा गया था। जांच के बाद पुष्टि हुई कि सभी 13 लोग बांग्लादेश के नागरिक हैं और अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत पहुंचे थे।
मजदूरी और अस्पतालों का कचरा उठाने का कर रहे थे काम
पूछताछ में सामने आया कि ग्वालियर पहुंचने के बाद ये लोग शहर में अलग-अलग जगहों पर मजदूरी करने और अस्पतालों का कचरा उठाने का काम कर रहे थे। पुलिस को जांच के दौरान इन्हें पनाह देने वाले एक व्यक्ति के बारे में भी जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि यह व्यक्ति करीब आठ महीने पहले भी अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को ठहराने में शामिल रहा है। पिछली बार डिपोर्ट किए गए बांग्लादेशियों के कहने पर ही इन लोगों ने उससे संपर्क किया था और इसके बाद अवैध तरीके से सीमा पार कर ग्वालियर पहुंचे थे।
लोकल नेटवर्क और पनाह देने वालों की भी जांच
पुलिस का कहना है कि 13 बांग्लादेशी नागरिकों को क्राइम ब्रांच की टीम सीमा तक लेकर गई है। वहां बीएसएफ को सौंपने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर उन्हें बांग्लादेश भेज दिया जाएगा। ग्वालियर पुलिस के मुताबिक, अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करने और अपनी पहचान छिपाकर रहने वाले लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अभियान का उद्देश्य केवल अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों को पकड़ना नहीं, बल्कि उनके स्थानीय नेटवर्क और उन्हें पनाह देने वालों की भी जांच करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध रूप से रह रहे लोगों और उनके मददगारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- धार में यात्री बस में लगी भीषण आग: खिड़कियां तोड़कर कूदे यात्री, ड्राइवर फरार; सूरत से जा रही थी कानपुर

