भोपाल में 30 हजार स्टाइपेंड की मांग पर अड़े 450 MBBS इंटर्न डॉक्टर: हमीदिया से CM हाउस कूच की कोशिश; पुलिस ने रोका, लिखित आदेश पर अड़े
Published:
2 min read

स्टाइपेंड को लेकर MBBS इंटर्न डॉक्टर फिर आक्रोशित
भोपाल। स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर MBBS इंटर्न डॉक्टर एक बार फिर सड़क पर उतर आए हैं। मौखिक आश्वासन के बावजूद अब तक स्टाइपेंड बढ़ाने संबंधी लिखित आदेश जारी नहीं होने से इंटर्न डॉक्टरों में नाराजगी बढ़ गई है।
लंबे समय से स्टाइपेंड 30 हजार महीने कराने की मांग
इंटर्न डॉक्टर लंबे समय से अपना मासिक स्टाइपेंड बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि विभाग की ओर से उन्हें एक महीने के भीतर स्टाइपेंड बढ़ाने का आदेश जारी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी अब तक कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया।
450 इंटर्न डॉक्टरों का सीएम हाउस की तरफ कूच
इसी के विरोध में आज बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर हमीदिया अस्पताल परिसर से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने के लिए अड़ गए। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और डॉक्टरों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
मौखिक आश्वासन के बाद भी समस्या का समाधान न हुआ
प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि केवल मौखिक आश्वासन से उनकी समस्या का समाधान नहीं होगा। जब तक स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर लिखित आदेश जारी नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
450 MBBS इंटर्न डॉक्टर प्रदर्शन में जुटे
मौके पर करीब 400 से 450 MBBS इंटर्न डॉक्टर प्रदर्शन कर रहे हैं। डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने के लिखित आदेश की मांग पर अड़े हुए हैं। प्रदर्शन को देखते हुए हमीदिया अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल इंटर्न डॉक्टरों और प्रशासन के बीच स्थिति को लेकर बातचीत की कोशिश की जा रही है।
ये भी पढ़ेेंं - सागर जहरीली शराब कांड : एयरलिफ्ट कर भोपाल AIIMS लाए गए राम प्रसाद लोधी की मौत, पिता की पहले ही जा चुकी जान
राघव शर्मा, रिपोर्टर

