फरीदाबाद में AC फटने से 3 की मौत: आखिर किन वजहों से ब्लास्ट होता है; यहां जानिए कि कैसे इस खतरे से बचा जा सकता है
Published:
4 min read

यह तस्वीर AI जेनरेटेड है। न्यूज नेचर के हिसाब से इसे रीडर्स की सुविधा के लिए क्रिएट किया गया है।
टेक डेस्क. हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार तड़के 4 बजे बड़ा हादसा हुआ। यहां चार मंजिला इमारत में AC कंप्रेसर फट गया। इससे पहली मंजिल में आग लग गई और दूसरी मंजिल के एक फ्लैट में धुआं भर गया। हादसे में पति-पत्नि और उनकी बेटी की मौत हो गई। बेटे ने खिड़की से कूदकर जान बचाई। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।
पहले हादसे को जानिए
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सचिन कपूर (50) परिवार के साथ मकान की दूसरी मंजिल में रेंट पर रहते थे। पहली मंजिल में मकान मालिक रहते हैं। पुलिस के मुताबिक, मालिक के AC में शॉर्ट सर्किट हो गया और इसकी वजह से कंप्रेसर फट गया। कुछ देर में पूरा मकान आग की चपेट में आ गया और धुआं दूसरी मंजिल में घुस गया।
लड़के ने खिड़की से कूदकर जान बचाई
घर के अंदर सचिन, उनकी पत्नी रिंकू कपूर (48), बेटा आर्यन (24) और बेटी सुजान (13) सो रहे थे। धुएं से घबराहट होने लगी तो सभी लोग छत की तरफ भागे। छत का दरवाजा बंद होने के कारण वहां से निकल नहीं पाए और वापस लौट आए। इस दौरान दंपति और बेटी बेहोश हो गए। बेटे ने खिड़की से छलांग लगा दी।
बेटे के हाथ-पैर में चोटें आई हैं। पड़ोसियों ने उसे तुरंत अस्पताल में एडमिट कराया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग को काबू किया। सचिन कपूर, पत्नी रिंकू और बेटी सुजान को अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे से यह सबक सीखने जरूरी, ताकि आप सुरक्षित रहें
सही वक्त पर AC सर्विसिंग
समय-समय पर AC की सर्विसिंग करवाना जरूरी है। अगर आप समय पर क्लीनिंग और मेंटेनेंस करेंगे तो यह ज्यादा वक्त तक बेहतर परफॉर्मेंस देगा। बिजली बिल कम आएगा और कोई हादसा नहीं होगा। अगर AC का प्रॉपर मेंटेनेंस नहीं तो....
- ओवरहीटिंग और पुरानी वायरिंग से कंप्रेसर ज्यादा गर्म होगा।
- धूल-मिट्टी के कारण फिल्टर ब्लॉक हो जाते हैं। ढीले कनेक्शन से शॉर्ट सर्किट का खतरा रहेगा।
- पार्ट्स में जंग लग सकती है। ठंडी हवा कम आने लगती है।
- इलेक्ट्रिसिटी की खपत भी ज्यादा होती है। AC के पाइप और फिल्टर चोक हो जाते हैं।
स्टेप-बाय-स्टेप गाइट: AC सर्विस कैसे करें
AC का पावर सप्लाई बंद करें
अगर AC का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं और उसे स्विच ऑफ करें और प्लग निकाल दें। स्प्लिट AC है तो अंदर और बाहर दोनों यूनिट की पावर सप्लाई बंद करना जरूरी है।
एयर फिल्टर क्लीन करें या बदलें
AC की हवा का सबसे बड़ा दुश्मन गंदे फिल्टर होते हैं। विंडो एयर कंडीशनर के फ्रंट पैनल खोले और फिल्टर निकालकर पानी से धोएं। सूखने के बाद वापस लगाएं। स्प्लिट AC है तो इंडोर यूनिट का कवर खोलें। फिल्टर निकालें और पानी से साफ करें। सूखने के बाद लगाएं। अगर आपके AC में डिस्पोजेबल फिल्टर लगे हैं, तो उन्हें चेंज करना सही रहेगा।
कॉइल्स की सफाई करें
धूल जमने से AC की ठंडी करने की क्षमता घट जाती है। इसका लोड बढ़ जाता है और जल्दी खराब हो जाता है। इस लिए इंडोर यूनिट का कवर ओपन कर कपड़े से साफ कर लें। AC के फिन्स पर भी डस्ट जम जाती हैं। इन्हें सॉफ्ट ब्रश से साफ करें।
कंडेंसेशन लाइन साफ करें
AC में पानी की निकासी के लिए एक पाइप होता है, जिसे कंडेंसेशन लाइन कहते हैं। इसमें गंदगी और काई जमने से पानी टपकने लगता और बदबू आती है। इसे साफ करने के लिए वैक्यूम क्लीनर या ब्रश का इस्तेमाल करें।
आउटडोर यूनिट चेक करें
स्प्लिट AC की आउटडोर यूनिट पर धूल और मिट्टी जम जाती है। पहले चारों और से गंदगी हटाएं। फिर हल्के प्रेशर से पानी डालकर साफ करें। इसके बाद कवर से ढक दें ताकि नमी और धूल अंदर न जाए।
कब बुलाएं प्रोफेशनल
कुछ काम घर पर कर सकते हैं, लेकिन अगर AC से अजीब आवाज आ रही हो, हवा कम आ रही हो, पानी या गैस लीक हो रही है तो तुरंत प्रोफेशनल को बुलाना ही चाहिए। डीप क्लीनिंग, डक्ट क्लीनिंग और इलेक्ट्रिकल पार्ट्स की जांच हमेशा एक्सपर्ट से करवाएं।

