धवन फैमिली पर बरस पड़े प्रोड्यूसर वासु भगनानी: कहा- कूली नंबर-1 से 27 करोड़ का नुकसान हुआ, वरुण ने हाल तक नहीं पूछा; क्या है पूरा मामला
Published:
3 min read

फिल्म कूली नंबर 1, 25 दिसंबर 2020 को रिलीज हुई थी।
एंटरटेनमेंट डेस्क. फिल्म प्रोड्यूसर वासु भगनानी ने एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरुण धवन और डेविड धवन पर निशाने साधे हैं। मामला वरुण धवन की अपकमिंग मूवी से जुड़ा हुआ था लेेकिन इसमें भगनानी ने कई पुराने किस्से भी निकाल लिए। ऐसे ही एक किस्से को याद करते हुए उन्होंने बताया कि फिल्म कूली नंबर-1 से उन्हें 27 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था। उन्होंने यह भी कहा कि इस घाटे के बावजूद वरुण ने कभी उनका हाल तक नहीं पूछा।
भगनानी का डेविड धवन और म्यूजिक कंपनी 'टिप्स इंडस्ट्रीज' के साथ कानूनी विवाद चल रहा है। दरअसल, भगनानी ने बिहार के कटिहार में एक FIR दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि वरुण धवन की अपकमिंग फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में उनकी पुरानी फिल्मों, खासकर 'बीवी नंबर-1' से जुड़ी चीजों का इस्तेमाल किया गया है। इसके लिए उनकी परमिशन तक नहीं ली गई।

भगनानी ने क्या-क्या कहा?
वासु भगनानी ने कहा- सच कहूं तो इस केस के बाद रिश्तों में थोड़ी कड़वाहट आ गई है। लेकिन, वरुण ने तो पिछले दो साल में मुझे फोन भी नहीं किया। हमने 2020 में कूली नंबर-1 बनाई, जिसमें मुझे 27 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। उसने कभी यह नहीं पूछा कि मैं कैसा हूं। अगर वरुण रिश्ता बनाए रखना चाहते हैं तो ठीक है। नहीं रखना चाहते तो भी कोई बात नहीं। वह मेरे बेटे जैसे हैं। बच्चे गलतियां करते हैं। पिता-बेटे का रिश्ता ऐसा ही होता है।
‘चुनरी चुनरी’ गाने के इस्तेमाल पर नाराजगी
फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में बीवी नंबर-1 के चुनरी-चुनरी गाने को रिक्रिएट किया गया है। इस पर भगनानी ने नाराजगी जताते हुए कहा- मेरा दिल टूट गया है। मैं किसी से नहीं डरता, लेकिन दुख इस बात का है कि इतना सब करने के बाद मुझे ही चोर और मूर्ख साबित किया जा रहा है। वरुण धवन, डेविड जी और रमेश जी जिस तरह बातें कर रहे हैं, इसकी जरूरत नहीं थी। अगर फिल्म की टीम मुझसे कांटेक्ट करती तो मामला आसानी से सुलझ सकता था। कम से कम मेरे पास आते और कहते कि वासु, हमें यह गाना इस्तेमाल करना है। आखिर मेरा बेटा फिल्म में है। बिना परमिशन किसी दूसरे प्रोड्यूसर का गाना कैसे शूट किया जा सकता है? इंडस्ट्री में कुछ नैतिकता भी होनी चाहिए।

10 मिनट में विवाद खत्म कर दूंगा
भगनानी आगे कहते हैं- अगर आज भी वह लोग बातचीत के लिए तैयार हों तो मैं 10 मिनट में विवाद सुलझा सकता हूं। हमारे रिश्ते इतने अच्छे थे। आज भी मैं कह रहा हूं, उन्हें इस कॉल पर बुला लीजिए। मैं 10 मिनट में मामला सुलझा दूंगा। लेकिन अगर वे ही नहीं चाहते तो समाधान कैसे निकलेगा?
भगनानी बोले- गाना दोबारा कैसे इस्तेमाल किया
वासु भगनानी ने यह भी दावा किया कि भले ही टिप्स इंडस्ट्रीज के पास गानों के ऑडियो राइट्स हो। लेकिन, फिल्म से जुड़े मूल अधिकार और रीक्रिएशन के लिए उनकी सहमति जरूरी थी। उन्होंने कहा- पहले वह अपनी फिल्मों के वीडियो राइट्स अलग कंपनियों को और ऑडियो राइट्स अलग कंपनियों को देते थे। लेकिन, इसका मतलब यह नहीं कि बिना अनुमति गानों को दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।

